उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले 48 घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 29 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर पश्चिम राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन सभी राज्यों में 3 मार्च तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और बर्फबारी जारी है। हिमाचल में भी लोग बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। बर्फबारी के कारण यहां सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3-4 दिनों तक बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी नई दिल्ली में आज मौसम साफ रह सकता है। यहां आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मौसम की बात की जाए तो राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आज कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिणी मध्य प्रदेश, दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा विदर्भ, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज, बिजली के साथ तेज हवाएं चल सकती है।
