अमेठी। उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी का चुनाव लड़ने लगभग तय होने के बाद रायबरेली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सवाल यही है कि क्या कांग्रेस यहां से प्रियंका वाड्रा को टिकट देगी?
इस तरह अमेठी में एक बार फिर स्मृति ईरानी और राहुल गांधी के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है। स्मृति ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के हरा दिया था। कांग्रेस को पहले ही इसके संकेत मिल गए थे, इसलिए राहुल गांधी के लिए दूसरी सुरक्षित सीट वायनाड तलाशी गई थी।
अब तक सोनिया गांधी रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। इस बार सोनिया ने राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया। अब सवाल यही है कि क्या गांधी परिवार के सदस्य के रूप में प्रियंका वाड्रा को यहां उतारा जाएगा कि किसी गैर गांधी को टिकट मिलेगा।
कांग्रेस ने संकेत दिया कि यदि दोनों नेता चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं, तो बैक-टू-बैक नामांकन की संभावना हो सकती है। 1 मई से 3 मई के बीच दोनों का नामांकन हो सकता है। दोनों सीटों पर 3 मई नामांकन का आखिरी दिन है।
इस बीच, चर्चा यह भी है कि अमेठी और रायबरेली में चुनाव प्रचार करने के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा अयोध्या जाकर राम लला के दर्शन कर सकते हैं। ऐसा होता है तो यह बड़ी खबर होगी, क्योंकि आज तक गांधी परिवार के किसी सदस्य ने राम लला के दर्शन नहीं किए हैं।