राजनांदगांव। लोकसभा चुनाव के अंतिम दिनों में भाजपा व कांग्रेस पूरी ताकत झोंक रही है। 21 अप्रैल को डोंगरगांव ब्लाक के सागर गांव में उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की मोहड़ में बड़ी सभा होनी है। एक ही दिन में आठ किलोमीटर के दायरे में होने जा रही इन सभाओं ने दोनों दलों का टेंशन बढ़ा दिया है। दो दलों ने 20-20 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तो तय किया है, लेकिन तपती गर्मी के मौसम में इतने लोगों का जुटाना संगठन के लिए बड़ी चुनौती है।
तय कार्यक्रम के अनुसार डोंगरगांव से लगभग नौ किलोमीटर दूर कुमर्दा से लगे ग्राम सागर में योगी की सभा है। संगठन ने इसका समय तो सुबह 11 बजे रखा है, लेकिन योगी पहुंचेंगे दोपहर 12 बजे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका की सभा डोंगरगांव नगर से मात्र डेढ़ किलोमीटर दूर मोहड़ में सभा होनी है। समय दोपहर ढाई बजे बताया जा रहा है। कांग्रेस ने भी 20 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य तय किया है। चुंकि चुनावी सभाओं में भीड़ गांव से ही निकाली जाती है।
ऐसे में दोनों दलों के सामने बड़ी चुनौती यह आ रही है कि आठ किलोमीटर के दायरे और ढाई घंटे के अंतराल में इतनी भीड़ कैसे जुटाई जाए। अभी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पर है। प्रचंड गर्मी में लक्ष्य को पूरा करने में यह भी बड़ी समस्या हो सकती है। हालांकि दोनों दल दावा कर रहे हैं कि लक्षित भीड़ तो जुटेगी ही।