ग्वालियर राजघराने की राजमाता के निधन पर शोक की लहर, इन नेताओं ने जताया दुख

भोपाल | ग्वालियर राजघराने की पूर्व राजमाता, दिवंगत माधवराव सिंधिया की पत्नी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मांता जी माधवी राजे सिंधिया का आज बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 70 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। इसके बाद से देश भर से भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर की राजमाता के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स कर लिखा- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधया की पूज्य माता जी माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मां जीवन का आधार होती हैं, इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
वहीं मप्र के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने एक्स कर लिखा- श्रद्धेय राजमाता माधवी राजे सिंधिया जी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दु:खद है। मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके परिवार के साथ हैं। भारतीय संस्कृति के श्रेष्ठ संस्कारों से परिपूर्ण राजमाता अत्यंत विनम्र तथा व्यवहार कुशल थीं। आज वह लौकिक जगत से विदा हुई हैं, लेकिन उनके स्नेह और आशीष की छांव सदैव परिजनों के साथ रहेगी। मैं दिवंगत आत्मा के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।
कमलनाथ ने जताया दुख
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राजमाता सिंधिया के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स कर लिखा- स्वर्गीय माधव राव सिंधिया की धर्मपत्नी और ज्योतरादित्य सिंधिया की माता जी माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और सिंधिया परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स कर लिखा- ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां के निधन के समाचार से बहुत दु:खी हुई हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और ज्योतिरादित्य जी व उनके परिवार को शक्ति एवं संबल प्रदान करें। यही ईश्वर से प्रार्थना है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि माधवी राजे जी का निधन सिंधिया घराने की अपूरणीय क्षति है। दिवंगत पुण्यात्मा को मोक्ष प्रदान करने अज्ञैर दुःख की इस घड़ी में परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि श्रद्धेय राजमाता माधवी राजे सिंधिया जी के दुखद स्वर्गवास के समाचार सुन कर बेहद दुख हुआ। उनके हमारे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। वे अति विनम्र व्यवहार कुशल व्यक्तित्व की धनी थीं। ज्योतरादित्य सिंधिया और समस्त परिवारजनों को हमारी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *