फरवरी में इंदौर से हर दिन 10800 से अधिक यात्रियों ने भरी उड़ान

इंदौर । देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला इस वर्ष भी कायम है। 2024 में जनवरी और फरवरी में यात्रियों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच रही है। दो माह में इंदौर से 6.33 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। फरवरी में तो हर दिन औसतन 10,816 यात्रियों ने हवाई सफर किया। इसमें दस दिन यात्रियों की संख्या 11 हजार के पार भी पहुंची।
इंदौर एयरपोर्ट से फरवरी में 2,493 उड़ानों का संचालन किया गया और 3 लाख 13 हजार 682 यात्रियों ने सफर किया। वहीं जनवरी में 2,520 उड़ानों में 3 लाख 20 हजार 79 यात्रियों ने सफर किया था। फरवरी में 29 दिन होने से जनवरी की अपेक्षा दो दिन उड़ानें कम संचालित की गईं।
इसी वजह से जनवरी की अपेक्षा 6397 कम यात्रियों ने सफर किया। एयरपोर्ट से देशभर के 24 शहरों का सीधा संपर्क होने का फायदा यात्रियों को मिल रहा है। समय बचाने के लिए यात्री हवाई सफर को प्राथमिकता दे रहे हैं।
फरवरी 2024 में इंदौर एयरपोर्ट से 3 लाख 13 हजार 682 यात्रियों ने सफर किया। यह यात्री संख्या गत तीन साल में फरवरी में सर्वाधिक है। साल 2023 फरवरी में इंदौर एयरपोर्ट से दो लाख 59 हजार 988 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं फरवरी 2022 में इंदौर से एक लाख 44 हजार 358 यात्रियों ने सफर किया। हर साल यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *