हितग्राही महिलाओं को बता दिया मृत, इस माह नहीं पहुंची राशि, पंचायत सचिव निलंबित

पहाड़गढ़। पहाड़गढ़ जनपद की चिन्नौनी चंबल पंचायत की कई महिलाओं के नाम उनकी परिवार आइडी से डिलीट कर दिए गए। जिसकी वजह से उन्हें लाडली बहना योजना की राशि उपलब्ध नहीं हो सकी। पैसा न आने पर महिलाओं ने थाने पहुंचकर पंचायत सचिव की आइडी से इसे डिलीट करना पता चला। वहीं इसमें कई महिलाओं को तो मृत भी बता दिया गया।
जांच में पता चला कि सचिव की यूजरनेम व पासवर्ड को किसी ने चुरा लिया। जिसने इन महिलाओं के परिवार आइडी नंबर सचिव के यूजरनेम व पासवर्ड का दुरुपयोग कर कर दिया। इस मामले में जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाल ने सचिव को निलंबित कर दिया है, इसके साथ ही आईडी पासवर्ड चुराने वाले पर एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश जनपद पंचायत पहाड़गढ़ सीईओ को दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि चिन्नौनी चंबल पंचायत में दर्जनों महिलाओं के नाम उनके परिवार आईडी से डिलीट कर दिए गए। यह महिलाएं लाडली बहना योजना का लाभ ले रहीं थी। आइडी से नाम डिलीट होने से उनको इस महीने की किस्त नहीं मिल सकी। इस आइडी में पांच से छह महिलाओं को तो मृत बताकर नाम हटाए गए थे। जिस पर इन महिलाओं के स्वजन ने रविवार को चिन्नौनी थाने पहुंचकर कार्रवाई के लिए आवेदन भी दिया।
वहीं इस मामले में पता चला कि सचिव नीरज कर्ण की यूजरनेम व पासवर्ड से इन्हें डिलीट किया गया है। सचिव ने बताया कि उसकी आईडी को हैक किया गया है। जिससे इस हैकर ने ही महिलाओं के नाम परिवार आईडी से डिलीट कर दिए। मामला जिला पंचायत सीईओ तक पहुंचा। वहीं मंगलवान को जनसुनवाई में चिन्नौनी की महिलाओं ने कलेक्टर से भी शिकायत की बात कही। जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने सोमवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव नीरज कर्ण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।