आरएसएस का फर्जी लेटर बनाकर मंत्रालय से कार और खुद का पास बनवाने की कोशिश, प्रकरण दर्ज

आरोपित ने वल्लभ भवन में आरएसएस का फर्जी पत्र पेश किया, जिसमें उसने खुद को संघ से जुड़े एक संगठन का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया और पास बनवाने की कोशिश की। मंत्रालय ने जब अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो फर्जीवाड़ा सामने आ गया। इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई।
राजधानी की शाहपुरा पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ जालसाजी की धाराओं में एफआइआर दर्ज की है। आरोपित ने वल्लभ भवन (मंत्रालय) में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के फर्जी लेटरहेड पर पत्र बनाकर खुद को एक सामाजिक संगठन का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया और पास बनवाने की कोशिश की। जब मंत्रालय ने अपने स्तर पर उसकी जानकारी जुटाई तो इस फर्जीवाड़े का पता चला। इस पर शाहपुरा पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी।
शाहपुरा थाने के एसआई उपेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी सूरज खरे ने शिकायती आवेदन दिया था कि कृष्णकांत दत्त ने वल्लभ भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक फर्जी लेटर पेश किया और उस पर सूफी संत मलंग नाम के एक सामाजिक संगठन के नाम से एक पत्र बनाकर भेजा था। उसमें उसने खुद को राष्ट्रीय प्रक्क्ता बताकर अपने वाहन और खुद के लिए पास बनवाने की बात कही थी। मंत्रालय की ओर से इसकी जानकारी जुटाई गई तो वह पत्र फर्जी निकला। इस पर भाजपा संगठन को इसकी जानकारी भेजी गई।
उन्होंने पता लगाया कि लेटरहेड फर्जी है और संघ इस तरह से यह पत्र नहीं लिखता है। इस तरह से आरोपित ने संघ को बदनाम करने की कोशिश की। शिकायत के बाद आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Leave a Comment