एमपी में इस बार होगी सामान्य से ज्यादा बारिश, मानसून में जमकर बरसेंगे बादल

भोपाल | मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज़ बदला हुआ है | कहीं गर्मी के सीजन में आंधी-तूफान और बारिश का दौर चला है, कहीं ओले गिर रहे हैं। तो कहीं भीषण गर्मी में लू का प्रकोप भी शुरू हो चुका है। मौसम की डबल मार झेल रहे मध्य प्रदेश के लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दे दी है। इस बार जहां मानसून अपने तय समय से एक दिन पहले 31 मई को आ रहा है, वहीं मध्य प्रदेश में सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक इस बार देश में मानसून तय समय से एक दिन पहले 31 को केरल में दस्तक दे सकता है। 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी मानसून की झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने इस बार औसत या सौ फीसदी नहीं बल्कि, 100 फीसदी से ज्यादा बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने देश भर में इस मानसून सीजन 2024 में 1 जून से 30 सितंबर तक कुल 104 फीसदी बारिश की उम्मीद जताई है।

वहीं मध्य प्रदेश के लिए खुश खबर ये है कि यहां भी औसत से ज्यादा 106 फीसदी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी भोपाल और इंदौर संभाग में 20 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार मध्य प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून 17 या 18 जून को हिट कर सकता है। इसके बाद 20 जून को भोपाल और इंदौर में पहली मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी।

इस बार मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, चंबल संभागों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। यहां 104 फीसदी से 106 फीसदी तक बारिश हो सकती है। वहीं, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर संभाग में कम बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। प्रदेश भर की स्थिति देखी जाए तो इस मानसून सीजन में पूरे मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 100 फीसदी बारिश की भविष्यवाणी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *