भोपाल की बड़ी झील पर सीएम मोहन यादव ने लहराया तिरंगा, नौकाओं से निकली तिरंगा यात्रा

बड़ी झील के वोट क्लब पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने नौका पर सवार होकर तिरंगा लहराया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा कुछ मंत्री, विधायक और महापौर मालती राय और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर बोट क्लब के अलावा नौकाओं को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया।
स्वाधीनता दिवस आने वाला है। इस मौके पर प्रदेशभर में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर तिरंगा फहराने की मुहिम चल रही है। जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह भोपाल की बड़ी झील में अनूठी तिरंगा जल यात्रा निकाली जा रही है।
इसके लिए बोट क्लब पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद वह सुसज्जित नौका पर सवार हुए और तिरंगा लहराकर लोगों में देशभक्ति का जोश भरा। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम के लिए पूरे तालाब में नौकाओं को केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों के साथ आकर्षक ढंग से सजाया गया। नौकाओं पर तिरंगे लहरा रहे थे। इसे देखने बड़ी संख्या में लोग भी बोट क्लब पर पहुंचे। बोट क्लब को भी गुब्बारों और तिरंगों से सजाया गया। कार्यक्रम के मंच से देशभक्ति के तराने गूंजे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी माइक हाथ में थामकर ‘ये देश है वीर जवानों का’ गीत की पक्तियां गुनगुनाईं।
इस अनोखी तिरंगा यात्रा देखने के लिए तालाब के किनारे, शीतलदास की बगिया और वीआईपी रोड पर लोगों का हुजूम जमा हुआ। लोग भी हाथों में तिरंगा थामे वंदेमातरम और भारत माता की जय का उद्घोष करते नजर आए।

Leave a Comment