भोपाल: सीएम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष 29 को करेंगे ‘हरा-भरा मध्यप्रदेश’ अभियान की शुरुआत

भोपाल, 28 अगस्त । भारतीय जनता युवा मोर्चा के ’हरा-भरा मध्यप्रदेश’ महा अभियान की शुरूआत 29 अगस्त सोमवार को होगी। भोपाल के टीटी नगर स्थित स्मार्ट पार्क में सुबह 10:15 बजे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार पौधारोपण कर इस अभियान की शुरूआत करेंगे।

‘हरा-भरा मध्यप्रदेश’ अभियान के तहत तीन चरणों में मोर्चा के कार्यकर्ता 75 लाख पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने बताया कि इस महा अभियान के लिए प्रदेश स्तरीय संचालन समिति गठित की गई है जो वार्ड, मंडल, विधानसभा, एवं जिला प्रभारियों से समन्वय स्थापित करेगी।

पंवार ने बताया कि युवा मोर्चा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से हरा-भरा मध्यप्रदेश अभियान शुरू करने जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रदेश में 75 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इनमें से 25 लाख पौधे 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर, 25 लाख पौधे 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर और 25 लाख पौधे 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर रोपे जाएंगे।

Report

Progress of india news

Leave a Comment