लोकसभा चुनाव 2024ः कर्नाटक, मप्र और बिहार का दौरा करेंगे शाह, 23 से 25 फरवरी के बीच बेंगलुरु में संवाद सत्र, सतना में आदिवासी सभा और पटना में किसानों से मिलेंगे

नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार से तीन दिनों के लिए कर्नाटक, मध्य प्रदेश और बिहार का दौरा करेंगे।

इस दौरान वह बेंगलुरु में एक संवाद सत्र, सतना में एक आदिवासी सभा में भाग लेंगे और पटना में किसानों और मजदूरों के एक समागम को संबोधित करेंगे।

राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन तीनों राज्यों में शाह की यात्रा को अहम माना जा रहा है क्योंकि मई महीने में कर्नाटक विधानसभा के चुनाव होने हैं जबकि मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक चुनाव होंगे। दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। बिहार में भी भाजपा लगातार अपने जनाधार को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार है। राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामपंथी दल भी इस गठबंधन का हिस्सा हैं। केंद्रीय गृह मंत्री 23 फरवरी को कर्नाटक के बेल्लारी में ”विजय संकल्प समावेश” में भाग लेंगे और बेंगलुरु में ”भारतीय राजनीति के 65 साल का परिदृश्य और मोदी के नेतृत्व में व्यापक बदलाव” विषय पर एक परिचर्चा सत्र को संबोधित करेंगे।

शाह 24 फरवरी को मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे, जहां वह सतना में मां शारदा शक्तिपीठ मंदिर में पूजा करेंगे। कोल जनजातीय समूह की एक सभा को संबोधित करेंगे और शहर में एक मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। वह 25 फरवरी को बिहार जाएंगे, जिस दौरान वह पश्चिमी चंपारण में एक रैली को संबोधित करेंगे।

पटना में किसानों और मजदूरों के एक समागम में भाग लेंगे और तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकेंगे। इस समागम का आयोजन स्वतंत्रता सेनानी सहजानंद सरस्वती की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया है। सहजानंद सरस्वती को भारत में ‘किसान आन्दोलन’ का जनक माना जाता है। उनकी जयंती 22 फरवरी को मनाई जाती है। वह प्रभावी भूमिहार जाति से ताल्लुक रखते थे।

इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर ने किया है। शाह की बिहार यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पिछले दिनों राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के महागठबंधन में बढ़ते कद से नाराज उपेंद्र कुशवाहा ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से इस्तीफा दे दिया और ‘राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता दल’ नामक नए दल के गठन की घोषणा की।

progress of india news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *