48 घंटे में दूसरी बार चली तेज हवाएं, घरों के छप्पर उड़े, गरजे बादल

छिंदवाड़ा। पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज़ बदला हुआ सा है। हवाएं तबाही मचा रही हैं। 48 घंटे पहले तेज हवाओं के वजह से हुए नुकसान का आकलन लोग कर ही रहे थे कि रविवार दोपहर अचानक फिर से मौसम बदल गया। तेज हवाओं ने हर तरफ तबाही मचाई। लोग संभल पाते इससे पहले घर के बाहर रखे सामान उडऩे लगे। सडक़ों पर बैनर-पौस्टर हवा में तैर रहे थे। कई मकानों के छप्पर उड़ गए। जिले भर में दो दर्जन से अधिक पेड़ गिरने की सूचना है। टहनियां सडक़ों पर बिखर गई। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। वहीं जिले के मोहगांव सहित अन्य क्षेत्र में बेर के आकार के ओले गिरे हैं। हवा के साथ बारिश, ओलावृष्टि से फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। विद्युत पोल भी गिर गए। इससे कई गांवों में बिजली गुल हो गई।इससे पहले रविवार सुबह से ही सूर्य देवता ने अपने तेवर दिखाने शुरु कर दिए थे। दोपहर 12 बजते-बजते आसमान से आग बरसना शुरु हो गया। दोपहर एक बजे के आसपास मौसम ने करवट लिया और दिन में ही अंधेरा छा गया। आसमान में काले बादल ने तेज बारिश होने के संकेत दिए। इसके बाद बादलों की गरज, बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगी। लगभग 20 मिनट तक तेज हवाओं के साथ बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रविवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिसे एवं न्यूनतम तापमान 23.1 डिसे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी गरज-चमक के साथ बारिश एवं तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं कुछ क्षेत्र में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
आकाशीय बिजली से बचने का उपाय
इन दिनों आकाशीय बिजली गिरने की काफी संभावना है। ऐसे में बारिश के दौरान खेतों, खुले मैदानों, पेड़ों या किसी ऊंचे खंभे के पास न जाएं। इनमें बिजली गिरने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *