आज छत्‍तीसगढ़ को मिलेगी बड़ी सौगात, PM मोदी 34427 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शनिवार को छत्‍तीसगढ़ के 34 हजार 427 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 18,897 करोड़ की लागत वाली नौ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 15,530 करोड़ लागत की एक परियोजना का शिलान्यास शामिल है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दोपहर 12 बजे से होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न योजना के हितग्राहियों से वर्चुअली जुड़ेंगे और संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के स्टाल लगाए जाएंगे और उनके हितग्राही भी उपस्थित रहेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा का यह कार्यक्रम रायपुर पश्चिम विधानसभा में सीएसईबी ग्राउंड, दक्षिण विधानसभा में बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर, ग्रामीण विधानसभा में ज्ञान प्रकाश स्कूल बीरगांव, अभनपुर विधानसभा में अग्रवाल भवन में, आरंग विधानसभा में हाईस्कूल पारागांव तथा धरसींवा विधानसभा में हाईस्कूल कुरूद सिलयारी में होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऊर्जा मंत्रालय अंतर्गत रायगढ़ में लारा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्टेज-दो का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगी। यह परियोजना आसपास के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास और सामाजिक अधोसंरचना की उपलब्धता में और सुधार करेगी।