Azadi Ka Amrit Mahotsav: हरदा में ट्रैक्टरों की तिरंगा यात्रा, हजारों किसान धोती-कुर्ता पहनकर हुए शामिल

हरदा में किसानों ने अपने ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकालकर अभियान में भागीदारी की

मध्य प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव की धूम है। जगह-जगह आयोजन हो रहे हैं। घर-घर तिरंगा अभियान चल रहा है। हरदा में किसानों ने अपने ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकालकर अभियान में भागीदारी की। कृषि मंत्री कमल पटेल के नेतृत्व में हजारों किसान इस यात्रा में शामिल हुए। हर ट्रैक्टर पर तिरंगा लगाया गया था।

ट्रैक्टरों के ऊपर तिरंगा लगा था, किसान धोती-कुर्ता पहनकर शामिल हुए ।

आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के तहत कश्मीर, लेह लद्दाख से लेकर पूर्वांचल के साथ कन्याकुमारी तक 13 अगस्त से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा अभियान मनाया जा रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के हरदा में भी अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया गया। कृषि मंत्री कमल पटेल के नेतृत्व में एक हजार से ज्यादा किसान 14 अगस्त रविवार को अपनी परंपरागत ड्रेस-धोती, कुर्ता के साथ साफा बांधकर तिरंगा यात्रा में शरीक हुए।

तिरंगा यात्रा में एक हजार से ज्यादा ट्रैक्टर शामिल होेने का दावा किया गया


सभी किसानों ने अपने-अपने ट्रैक्टरों के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा रखा था। एक साथ जब इतने ट्रैक्टर तिरंगा लगाकर शहर की सड़कों पर निकले तो अलग ही माहौल नजर आया। किसानों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया, वहीं राष्ट्रीय गानों की धुनों पर कृषि मंत्री कमल पटेल के साथ किसानों ने डांस भी किया।

रिपोर्ट

प्रोग्रेस ऑफ़ इंडिया न्यूज