BJP नेता को गोली मारने के आरोपित रिटायर्ड फौजी पर जेल में हुआ हमला, बैरक में आकर नुकीली चीज से किया हमला

हामूखेड़ी निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी व भाजपा नेता प्रकाश यादव का करीब एक माह पूर्व पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी सुरेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया से बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हो गया था। पारिवारिक विवाद बढ़ा और यादव और भदौरिया आमने सामने हो गए थे।
कालोनाइजर व भाजपा नेता प्रकाश यादव को गोली मारने के आरोपित सेवानिवृत्त फौजी पर केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में जानलेवा हमला हुआ है। हत्या के मामले में वर्ष 2021 से जेल में बंद एक आरोपित ने नुकीली चीज से वार किया है। जेल अधीक्षक ने हमला करने के आरोपित को अंडा सेल में बंद कर उसके खिलाफ जेल अपराध दर्ज किया गया है।
बता दें कि हामूखेड़ी निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी व भाजपा नेता प्रकाश यादव का करीब एक माह पूर्व पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी सुरेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया से बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हो गया था। पारिवारिक विवाद बढ़ा और यादव और भदौरिया आमने सामने हो गए थे।
भदौरिया ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से यादव को गोली मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोप है कि यादव समर्थकों ने भदौरिया के घर में घुसकर उसके स्वजन से मारपीट की थी। इसमें उसकी मां भी घायल हो गई थी।

सात को गिरफ्तार किया
पुलिस ने हत्या का प्रयास का केस दर्ज कर भदौरिया सहित सात को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से ही भदौरिया केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के खंड ब में बैरक नंबर छह में बंद था। दूसरे पक्ष पर भी कायमी की गई थी। गुरुवार दोपहर भदौरिया अपनी बैरक में खाना खा रहा था।

उसी दौरान हत्या के मामले में 20 नवंबर 2021 से जेल में बंद अमन उर्फ गांजा पुत्र ओमप्रकाश निवासी प्रकाश नगर भी बैरक में पहुंच गया था। यहां उसने किसी नुकीली चीज से भदौरिया पर हमला कर दिया। इससे जेल में हड़कंप मच गया।

हमले को लेकर प्रकरण दर्ज
जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि अमन हत्या व हत्या के प्रयास के मामले में वर्ष 2021 में जेल में आया था। वह खंड ब में ही बैरक नंबर दो में बंद था। गुरुवार को उसने भदौरिया पर हमला किया है। अमन ने किस चीज से हमला किया वह नहीं मिली है।हालांकि भदौरिया को मामूली चोट लगी है। अमन के खिलाफ जेल अपराध दर्ज किया गया है। जेल में हमला करने को लेकर उसे अंडा सेल में बंद कर दिया गया है। उसे कुछ दिनों के लिए जेल में अंडा सेल में बंद कर दिया गया है।

Leave a Comment