
मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी तेज कर दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भोपाल में 14 मार्च को जनसभा को संबोधित करके चुनाव का शंखनाद करेंगे। आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। रविवार को प्रदेश चुनाव प्रभारी बीएस जून ने कहा कि भोपाल के भेल दशहरा मैदान में जनसभा का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उपस्थित रहेंगे।
आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि राजनीति दो तरह की रह गई है। एक अच्छी और एक बुरी। अब मध्य प्रदेश की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है और तीसरा विकल्प तलाश कर रही है। सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस और भाजपा को काम करने का भरपूर मौका दिया। यह दोनों ही पार्टी ये नही कह सकती कि इनको मौका नही मिला। प्रदेश में दोनों पार्टी की लूट की व्यवस्था से जनता बेहद परेशान है। हमे पूरा विश्वास है प्रदेश की जनता काम की राजनीति को अपनायेगी। अरविंद केजरीवाल मॉडल पर मोहर लगाएगी। मध्यप्रदेश में भी दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी पर ऐतेहासिक बदलाव किया जाएगा। आम आदमी पार्टी की लड़ाई केवल विकास और भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाने की है।







