आज भाजपा चुनाव समिति की बैठक, प्रदेश सह प्रभारी करेंगे लोकसभा चुनाव की तैयारियों की प्रगति समीक्षा

रायपुर। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। इसी के मद्देनजर बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक होगी। इसमें प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन चुनाव के मद्देनजर अब तक के कार्य की प्रगति की समीक्षा कर पदाधिकारियों को मार्गदर्शन करेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे पहले क्लस्टर और लोकसभा प्रभारियों, लोकसभा संयोजकों व सह संयोजकों की बैठक होगी। इसके बाद भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों की टोलियों की बैठक होगी। इसके पश्चात भाजपा के सभी मोर्चों के प्रदेश प्रभारी, अध्यक्ष, महामंत्री, संभाग प्रभारियों की बैठक रखी गई है। सबसे अंत में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी। चुनाव तैयारियों के दृष्टिगत बैठकें काफी अहम हैं। इनमें चुनावी रणनीति के मार्गदर्शक बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही मंडल से लेकर शक्ति केंद्र, बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे जाएंगे।
महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने के लिए अबकी बार चार सौ पार का लक्ष्यनिष्ठ संकल्प लेकर चुनावी मैदान में हैं। भाजपा चुनावी तैयारियों में काफी तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस पराजित मनोबल और हताशा की शिकार दिखाई पड़ रही है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर तेजी से काम करके महज दो माह पुरानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने अभूतपूर्व जन विश्वास अर्जित किया है। इसका सुपरिणाम आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *