कांग्रेस छोड़ भाजपा में वापिस लौटे पूर्व विधायक कमलेश सुमन

मुरैना। लाेकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटके लगने का सिलसिला ख़त्म होता नज़र नहीं रहा । इसी कड़ी में रविवार को पूर्व विधायक कमलेश सुमन ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में वापसी कर ली है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में कमलेश सुमन ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली थी।
कमलेश सुमन अंबाह विधानसभा से साल 2008 से 2013 तक भाजपा से विधायक रहे थे और 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में टिकट मांग रहे थे। पार्टी टिकट नहीं दिया तो 4 नवंबर 2023 को भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली, लेकिन कांग्रेस में भी उन्हें टिकट नहीं मिला।
करीब पांच महीने में ही कमलेश सुमन का कांग्रेस से मोहभंग हो गया और रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष डा. योगेशपाल गुप्ता, लोकसभा संयोजक अनूप सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक सुमन ने कहा कि भाजपा को छोडक़र उन्होंने गलती की थी, अपने घर लौटकर अपनी गलती को सुधार रहे हैं।
साथ ही बताते चलें कि कमलेश सुमन से पहले मुरैना के पूर्व विधायक राकेश मावई, सुमावली के पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मुरैना-श्योपुर लोकसभा में ही आने वाली विजयपुर विधानसभा से छह बार के कांग्रेसी विधायक रामनिवास रावत के भी भाजपा में शामिल होनेे की अटकलें तेज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *