बंगलुरु | हुबली के बीवीबी कॉलेज में कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या पर राजनीति जारी है। यह मुद्दा कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच राजनीतिक घमासान में तब्दील हो गया है। भाजपा राज्य सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। उसका कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सिद्धारमैया मस्त हैं। वहीं, एबीवीपी कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
हत्या की घटना को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘मैं कहना चाहता हूं कि मल्लिकार्जुन खरगे को यह पता होना चाहिए कि कर्नाटक में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सिद्धारमैया मस्त हैं। हमारी बहन की हत्या कर दी जाती है। वो भी खंजर से हत्या की जाती है। यह जो खंजर निकले हैं यह कांग्रेस पार्टी की नफरत की राजनीति से निकले हैं। इससे आम नागरिक परेशान हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि यह भी कहना गलत नहीं होगा कि बात करते हैं खंजर की और इनकी अपनी राजनीतिक जमीन जो है वो बंजर। हमारी बहन के साथ कुकर्म होता है तो कांग्रेस के बड़े नेता कुछ भी नहीं कहते हैं।
भाजपा के विधायक बसनगौड़ा आर पाटिल ने कहा, लड़का धमकी दे रहा था। ‘एकतरफा प्यार और लव जिहाद का मामला है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का जो बयान है वो निश्चित तौर पर एक सीएम को शोभा नहीं देता है। एक समुदाय के समर्थन में वो बयान दे रहे हैं। जब एक कांग्रेस के पार्षद की बेटी के साथ ऐसा हो रहा है तो बाकी का क्या होगा।’
