कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत और मुरैना महापौर शारदा सोलंकी ने थामा भाजपा का दामन

श्योपुर। मध्यप्रदेश में लगातार दूसरे दिन कांग्रेस को फिर बड़ा झटका लगा है। इसी कड़ी में विजयपुर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और न्यू जॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री रामनिवास रावत के साथ मुरैना महापौर शारदा सोलंकी भाजपा में शामिल हो गई।

इनके साथ ही मुरैना की महापौर शारदा सोलंकी ने भी इसी मंच पर भाजपा ज्वाइन कर ली। मुख्यमंत्री डॉ यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। रावत के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भाजपा में शामिल हुए।

बतातें चलें कि एक माह से राम निवास रावत के भाजपा में जाने की अटकलें चल रही थीं। वे कांग्रेस की नीतियों से नाराज थे। रामनिवास रावत टिकट के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इससे वे काफी नाराज चल रहे थे।

6 बार से कांग्रेस के विधायक रहे और पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत का क्षेत्र में अलग ही कद है। जानकारों का मानना है कि भाजपा में जाने के बाद उनका कद और भी उभरेगा। सरकार में भी उनकी भूमिका लगभग तय है और मोहन कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले दिग्विजय सरकार में रामनिवास रावत मंत्री पद पर रह चुके हैं और 2003 से लगातार विपक्ष में बैठे थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *