खरगोन। मांधाता में आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब देश में राम राज्य स्थापित हो गया है। उन्होंने भाजपा की लोकप्रियता की बात करते हुए सूरत में निर्विरोध जीत के साथ इंदौर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के चुनावी मैदान से हटने का उल्लेख भी किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा डूबता हुआ जहाज है जिसकी तली में छेद है। इस जहाज को डूबने से कोई रोक नहीं सकता।
बता दें कि एमपी में अब 17 लोकसभा सीटों के लिए दो चरणों में 7 और 13 मई को चुनाव होगा। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों पार्टियां के स्टार प्रचारक ग्वालियर-चंबल और मालवांचल में सक्रिय नज़र आ रहे है।
आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खरगोन में भी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के स्टार प्रचारक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खंडवा जिले के मांधाता के बाद बड़वानी जिले के राजपुर में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।
रक्षामंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बंदोबस्त किए हैं। सोमवार को हेलीपेड से सभास्थल तक वाहनों के काफिले के साथ अधिकारियों ने रिहर्सल भी की।