इंदौर। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए पूर्वी और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में भीषण गर्मी की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने कहा है कि 28 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों सहित कुछ राज्यों में छिटपुट बारिश की संभावना है। इसके अलावा इसी दौरान कुछ राज्यों में तापमान में काफी बढ़ोतरी हो सकती है और लू चल सकती है।
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में 26 अप्रैल तक भीषण लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा, बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा के लिए 28 अप्रैल तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल तक झारखंड, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और कोंकण में हीटवेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले 5 दिनों के दौरान तटीय ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति निर्मित हो सकती है।
उत्तर भारत में मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना है। यहां कुछ स्थानों पर छिटपुट से मध्यम वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। 26 और 27 तारीख को पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
