सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर मंगलवार को फैसला सुनाया। अदालत ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार को विजेता घोषित किया। साथ ही रिटर्निंग अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘हम सबने देखा कि किस तरह चंडीगढ़ के चुनाव में 20 वोट इंडी गठबंधन के थे। 16 वोट बीजेपी के थे। विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार को हारा हुआ घोषित कर दिया।’ उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। हम सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह के हालात हैं। ऐसे में SC का फैसला जनतंत्र के लिए अहम है। ये इंडी गठबंधन की बहुत बड़ी जीत है। ये जीत मायने रखती है। हम ये जीत छीनकर लाए हैं। उनने चुनाव चोरी कर लिए थे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘चुनाव में 36 वोट थे। उन मतों की गिनती में बीजेपी ने 8 मत चोरी कर लिए। 25% वोट चोरी कर लिए।’ उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद देश में लोकसभा चुनाव होने वाला है। उसमें 90 करोड़ मत हैं। ये भाजपा के लोग कितने मतों की चोरी करेंगे। ये सोचकर रुह कांप उठती है।
