उज्जैन। राहुल गांधी की न्याय यात्रा ने सारंगपुर के बाद आज शाजापुर शहर में प्रवेश किया। शहर के धोबी चौराहा से यात्रा रोड शो के रूप में पुराने हाईवे से गुजरते हुए टंकी चौराहा पहुंची जहां राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इसके बाद यात्रा मक्सी की ओर रवाना होगी। इस दौरान दर्जनों स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत कर रहे हैं।
शाजापुर जिले के यात्रा प्रभारी और पूर्व मंत्री सुखदेव सिंह पांसे ने बताया कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा ने सुबह 10 बजे शाजापुर जिले में प्रवेश किया। शहर में कई जगहों पर बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किये हैं।
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बताया राहुल की न्याय यात्रा शाजापुर से उज्जैन जाएगी। शाजापुर जिले में उनकी यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पांच मार्च को राहुल गांधी की न्याय यात्रा शाजापुर जिले में प्रवेश करेगी, इसे लेकर जिला कांग्रेस द्वारा तैयारी की गई है|
राहुल की सुरक्षा में जिले के अलावा आसपास के जिलों से भी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा एसपीजी भी सुरक्षा में रहेगी। बता दें कि शाजापुर जिले में न्याय यात्रा लगभग 50 से 60 किलोमीटर का सफर तय करेगी। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ राहुल गांधी यह यात्रा निकाल रहे है, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन शामिल रहेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उज्जैन पहुंचेगी। राहुल गांधी महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद रोड शो की शुरुआत होगी। शाम करीब 6 बजे देवास गेट पर सभा होगी। इसके बाद कारवां इंगोरिया की ओर रवाना होगा। यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ वरिष्ठ नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, उमंग सिंघार आदि के भी शामिल होने की संभावना है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा मक्सी से विजयगंज मंडी होते हुए दोपहर बाद नगर में प्रवेश करेगी और सीधे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ भगवान महाकाल की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर से रोड शो की शुरुआत होगी।
गुदरी चौराहा, गोपाल मंदिर, छत्रीचौक, छोटा सराफा, सतीगेट, कंठाल चौराहा, नईसड़क, दौलतगंज, मालीपुरा होते हुए देवास गेट पर आम सभा के साथ इसका समापन हाेगा। राहुल गांधी के संबोधन पश्चात यात्रा इंगोरिया के लिए रवाना होगी। राहुल गांधी रात्रि विश्राम इंगोरिया में ही करेंगे।
महाकाल मंदिर से देवास गेट तक करीब तीन किलो मीटर लंबे मार्ग पर अनेक जगह स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं। इन मंचों से पुष्प वर्षा कर राहुल गांधी व भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल दल का स्वागत किया जाएगा। उज्जैन में करीब 15 हजार लोगों के यात्रा में शामिल होने का अनुमान है।