सम्बलपुर | देश में अब तक पांच चरणों में मतदान हो गए हैं। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वोटरों को लामबंद करने के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं और विरोधियों के खिलाफ बयानबाजी का दौर जारी है। इसी क्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने भी ओडिशा के संबलपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश को समृद्ध, सुरक्षित और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।
अमित शाह ने कहा कि पूरे देश भर में पांच चरण के चुनाव समाप्त हो चुके हैं। इन पांच चरणों में मोदी जी 310 पार कर गए हैं, अब छठे और सातवें चरण में आपको मोदी जी को 400 पार कराना है। देश भर के मतदाताओं के लिए सिर्फ 400 पार का लक्ष्य है।
शाह ने कहा, ‘मोदी जी ने हमेशा ओडिया भाषा और संस्कृति का गौरव बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने हमारे ओडिशा के गरीब और आदिवासी के घर की बेटी द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाकर समग्र ओडिशा का सम्मान करने का काम किया है। हम ऐसा ओडिशा बनाना चाहते हैं, जिसमें किसी युवा को अपना परिवार छोड़कर किसी अन्य राज्य में मजदूरी करने न जाना पड़े। उसे अपने प्रदेश में ही काम मिल जाए।’
उन्होंने कहा, ‘आप भाजपा की सरकार बना दीजिए, हम मेहनत करने वाला युवा और जोशीला मुख्यमंत्री देकर ओडिशा को समृद्ध बनाएंगे। इस पश्चिमी क्षेत्र के साथ बीजद सरकार ने हमेशा अन्याय किया है। मैं आज कहकर जाता हूं, समग्र ओडिशा का पूर्ण विकास हो, इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है।’
अमित शाह ने कहा, ‘नवीन बाबू की सरकार झोले की सरकार है। मोदी जी यहां जो पांच किलो चावल, प्रतिव्यक्ति, प्रतिमाह भेजते हैं, नवीन बाबू उसपर अपने फोटो वाला झोला लगाने का काम करते हैं।’